क्षेत्रीय
10-Feb-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। शिव-शक्ति उपासना का पर्व महाशिवरात्रि 15 फरवरी को मनाया जाएगा। इस महापर्व की तिथि नजदीक आते ही शिवभक्तों का उत्साह बढऩे लगा है। मंदिरों में जहां रंग-रोगन, साज-सज्जा की जा रही है तो वहीं शिवजी को दूल्हे के रुप में सजाकर शिव बारात निकालने की तैयारियां भी तेज हो गई है। खरगोन के ज्योति नगर में महाशिवरात्रि नवदुर्गा, गणेश उत्सव सहित अन्य पर्व का धूमधाम से मनाने वाले सफल आयोजक एवम मंदिर समिति के इंजीनियर नीतिन मालवीय ने बताया कि नगर में भी महाशिवरात्रि उत्सव की तैयारियां जोरों पर है। यहां विराजित ज्योतेश्वर महादेव का महाशिवरात्रि पर मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। यहां शिव विवाह की जीवंत झांकी भी सजाई जाएगी।महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। महोत्सव के दौरान भगवान ज्योतेश्वर महादेव को हल्दी और चंदन लगाकर दूल्हा स्वरूप में सजाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शिवजी को दूल्हा स्वरुप में सजाना महाशिवरात्रि पर उज्जैन की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कॉलोनी के वरिष्ठ एलएन मालवीय ने बताया वायु पुराण के अनुसार, प्रलयकाल में समस्त संसार इसी शिवलिंग में मिल जाता है और फिर इसी से सृजन होता है। कई लोगों का मानना है शिवलिंग पर हल्दी नहीं चढ़ाई जाती है, जबकि शिव पुराण के अनुसार, ऐसी मान्यता है कि शिवलिंग पर हल्दी एक मात्र नहीं चढ़ाई जाती है। इसमें हल्दी और गंगाजल का मिश्रण होता है। जो उबटन के समान माना जाता है। इसलिए जब इस उबटन को भगवान शिव के आदि और अनंत स्वरूप शिवलिंग पर चढ़ाते हैं तो इससे व्यक्ति को कई तरह की समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है और व्यक्ति की मनोकामनाएं पूरी होती है। मंदिर समिति के प्रचार-प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि मंदिर में विराजित महादेवजी का दूल्हा स्वरुप में श्रृंगार करने के साथ ही यहां शिव बारात भी निकाली जाएगी। इस दौरान भगवान शिव और माता स्वरुप में जीवंत झांकी भी सजाई जाएगी। सांकेतिक शिव. बारात निकालकर प्रतिकात्मक शिव-विवाह प्रस्तुति के श्रद्धालू साक्षी बनेंगे। इस दौरान भक्तों को दिनभर फलाहारी प्रसादी का वितरण भी होगा। ईएमएस/राजिम शेख/ 10 फरवरी 2026