खेल
10-Feb-2026


कोलंबो (ईएमएस) टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मैच में पाकिस्तान ने अमेरिका को हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की है। पाक के लिए ये जीत खास और राहत देने वाली है, क्योंकि पिछले टी20 विश्व कप में यूएसए ने उन्हें हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए। इसके जवाब में अमेरिकी टीम 20 ओवर में 158 रन ही बना सकी। टूर्नामेंट में ये यूएसए की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उन्हें भारत ने पटखनी दी थी। पाकिस्तान की जीत में स्पिनरों का अहम योगदान रहा। शादाब खान ने 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट चटकाए। वहीं, अनोखे एक्शन वाले स्पिनर उस्मान तारिक ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। अमेरिका की तरफ से शुभम रंजने ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए। ओपनर शयान जहांगीर ने भी 34 गेंदों पर 49 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सुबोध/१०-०२-२०२६