मनोरंजन
11-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने देश में सिनेमा हॉल की कमी को लेकर चिंता जाहिर की है। एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा कि भारत में थिएटरों की संख्या बहुत कम है, जिसकी वजह से बड़ी फिल्मों को भी अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक बॉक्स ऑफिस कमाई हासिल नहीं हो पाती। आमिर ने अपनी बातें रखते हुए अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का उदाहरण दिया और बताया कि कैसे ज्यादा स्क्रीन मिलने पर भारतीय फिल्मों की कमाई कई गुना बढ़ सकती है। आमिर खान ने चीन का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां लगभग एक लाख से ज्यादा सिनेमा स्क्रीन मौजूद हैं, जबकि भारत में अभी मुश्किल से 9,000 के आसपास स्क्रीन हैं। उन्होंने कहा, “हम आउटलेट्स के मामले में चीन के दसवें हिस्से जितने भी नहीं हैं। चीन में जब कोई बड़ी फिल्म रिलीज होती है, तो वह अकेले अपने देश में ही दो बिलियन अमेरिकी डॉलर तक कमा लेती है। इतनी बड़ी कमाई सिर्फ उनके बॉक्स ऑफिस की ताकत से आती है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत में इतने सीमित थिएटर होने के कारण फिल्मों की कमाई रुक जाती है। आमिर ने कहा, “पिछले साल चीन की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म एनई झेडएचए 2 ने लगभग 2 बिलियन डॉलर सिर्फ चीन में कमाए। इसके मुकाबले भारत की सबसे बड़ी फिल्म ‘धुरंधर’ ने देश में सिर्फ 115 मिलियन डॉलर और दुनिया भर में 150 मिलियन डॉलर से कम कमाए। यह फर्क सिर्फ स्क्रीन की संख्या का है।” धुरंधर का उदाहरण देते हुए आमिर ने कहा कि अगर यह फिल्म 5,000 की बजाय 15,000 स्क्रीन पर रिलीज होती, तो इसकी कमाई तीन गुना तक बढ़ सकती थी। उन्होंने कहा, “धुरंधर ने लगभग 1,000 करोड़ रुपये कमाए और 4 करोड़ टिकट बेचे। सोचिए, अगर हमारे पास चीन जितनी स्क्रीन होतीं, तो भारतीय फिल्मों की कमाई दुनिया के किसी भी देश से आसानी से टक्कर ले सकती थी। देश में आज भी कई जिले ऐसे हैं, जहां एक भी सिनेमा हॉल नहीं है।” रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ को आदित्य धर ने निर्देशित किया है और यह अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल है। सुदामा/ईएमएस 11 फरवरी 2026