मनोरंजन
11-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कालिचरण’ ने अपनी रिलीज के 50 साल पूरे कर लिए। बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक सुभाष घई ने इस खास मौके पर इंस्टाग्राम पर फिल्म की दुर्लभ तस्वीरें साझा कर पुराने दिनों को याद किया। सुभाष घई के लिए उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘कालिचरण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ रही है। तस्वीरों में शत्रुघ्न सिन्हा, रीना रॉय और फिल्म की पूरी टीम नजर आ रही है, जिसने एक युग के निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। सुभाष घई ने भावुक होते हुए लिखा कि आज से ठीक 50 साल पहले उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया था। “मेरी पहली निर्देशकीय फिल्म ‘कालिचरण’ रिलीज हुई थी। उस दिन मैं बहुत घबराया हुआ था, क्योंकि उससे पहले मैंने अभिनय और दूसरों के लिए पटकथा लिखने में पूरे 10 साल संघर्ष किया था।” निर्देशक ने कहा कि फिल्म की सफलता ने उनका करियर नया मोड़ दिया और उन्हें पहचान दिलाई, जिसके बाद उनका फिल्मी सफर लगातार आगे बढ़ता गया। उन्होंने ‘कालिचरण’ की पूरी टीम के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। सुभाष ने लिखा कि वह आज भी निर्माता, कलाकार, सह-लेखक और तकनीकी टीम के आभारी हैं, जिन्होंने उस समय उन पर भरोसा किया जब उन्हें निर्देशन का कोई अनुभव नहीं था। उन्होंने कहा कि उन सभी की मेहनत और विश्वास ने ही ‘कालिचरण’ को यादगार फिल्म बनाया और उन्हें एक सफल निर्देशक बनने का मौका दिया। 1976 में रिलीज हुई इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने न केवल सुभाष घई को निर्देशक के रूप में स्थापित किया, बल्कि शत्रुघ्न सिन्हा के करियर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा, रीना रॉय, अजीत और डैनी डेन्जोंगपा अहम किरदारों में नजर आए थे। कहानी एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के हमशक्ल अपराधी को सुधारकर खतरनाक विलेन ‘लायन’ तक पहुंचने पर आधारित थी। यह प्लॉट उस समय दर्शकों के लिए नया और रोमांचक था, जिसने फिल्म को बड़ी हिट बना दिया। ‘कालिचरण’ शत्रुघ्न सिन्हा के करियर की पहली बड़ी सफलता मानी जाती है। उनका ‘शॉटगन’ अंदाज दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुआ। वहीं रीना रॉय के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री भी चर्चा में रही। फिल्म के गाने, खासकर ‘जा रे जा ओ हरजाई’, लंबे समय तक दर्शकों की जुबान पर चढ़े रहे। फिल्म की शानदार सफलता ने सुभाष घई को बॉलीवुड के सबसे सफल और प्रभावशाली निर्देशकों में शामिल कर दिया। सुदामा/ईएमएस 11 फरवरी 2026