अंतर्राष्ट्रीय
11-Feb-2026
...


-इस बैन से पाकिस्तान की फार्मा इंडस्ट्री को करोड़ों का होगा नुकसान काबुल,(ईएमएस)। अफगानिस्तान में सत्ता संभाल रहे तालिबान ने पाकिस्तान को बड़ा आर्थिक और कूटनीतिक झटका दिया है। तालिबान के वित्त मंत्रालय ने पाकिस्तान से दवाओं के आयात पर बैन लगाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही अफगान व्यापारियों को पाकिस्तान के बजाय अन्य वैकल्पिक व्यापारिक रास्तों को तलाशने का निर्देश दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्‍तान की फाइनेंस मंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि यह प्रतिबंध सोमवार से लागू हो गया है। तालिबान प्रशासन ने न केवल आधिकारिक व्यापार बल्कि अवैध रास्तों से आने वाले सामान पर भी रोक लगाने का फैसला किया है। तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा और पकड़े गए सामान को नष्ट कर दिया जाएगा। इससे पहले मंत्रालय ने व्यापारियों को पाकिस्तान से जुड़े व्यापारिक लेनदेन और दस्तावेजों को खत्म करने के लिए 19 दिनों का समय दिया था। बता दें पिछले कई महीनों से पाकिस्तान और तालिबान के बीच राजनीतिक तनाव चरम पर है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और तालिबान लड़ाकों के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं। सितंबर से ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मुख्य ट्रांजिट रूट और बॉर्डर क्रॉसिंग ज्यादातर बंद हैं। तालिबान के डिप्टी पीएम अब्दुल गनी बरादर ने पहले ही व्यापारियों से पाकिस्तान के साथ व्यापार निलंबित करने और वैकल्पिक गलियारों की पहचान करने का आग्रह किया था। पाकिस्तान पर यह प्रतिबंध अफगानिस्तान के लिए एक बड़ा जोखिम भी है, क्योंकि वहां की 70 फीसदी से ज्यादा दवाएं पाकिस्तान से आती थीं। काबुल और हेरात जैसे शहरों में दवाओं की भारी किल्लत हो गई है और कीमतें आसमान छू रही हैं। इस कमी को पूरा करने के लिए तालिबान के अधिकारी पिछले महीने भारत, ईरान और तुर्की के दौरे पर गए थे। तालिबान अब पाकिस्तान के बजाय ईरान, तुर्की और भारत जैसे भरोसेमंद देशों से फार्मास्यूटिकल आयात के लिए नए रास्ते खोलना चाहता है। दवाओं के बाजार में पाकिस्तान के लिए अफगानिस्तान एक बड़ा ग्राहक था। इस बैन से न केवल पाकिस्तान की फार्मा इंडस्ट्री को करोड़ों का नुकसान होगा, बल्कि क्षेत्र में उसकी कूटनीतिक पकड़ भी कमजोर होगी। दूसरी तरफ, भारत के लिए यह अफगानिस्तान के साथ अपने मानवीय और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने का एक बड़ा अवसर है। सिराज/ईएमएस 11 फरवरी 2026