ट्रेंडिंग
13-Feb-2026
...


सेंसेक्स 1,048 , निफ्टी 336 अंक लुढ़का मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली हावी रहने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,048.16 अंक टूटकर 82,626.76 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 336.10 अंक फिसलकर 25,471.10 पर बंद हुआ। बाजार में आज सबसे अधिक गिरावट धातु शेयरों में रही। आज निफ्टी मेटल और निफ्टी कमोडिटीज में सबसे अधिक गिरावट रही। निफ्टी रियल्टी , निफ्टी एनर्जी , निफ्टी एफएमसीजी , निफ्टी ऑयलएंडगैस , निफ्टी पीएसई ) और निफ्टी कंजप्शन भी नीचे आये। वहीं सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, टाइटन, टीसीएस, पावर ग्रिड, बीईएल, एशियन पेंट्स, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, इन्फोसिस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई के शेयर गिरे जबकि बजाज फाइनेंस और एसबीआई के शेयरों में तेजी रही। लार्जकैप के साथ-साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1,032.85 अंक टूटकर 59,438 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 311.20 अंक फिसलकर 1.79 17,032.90 पर बंद हुआ। इससे पहले आज सुबह सेंसेक्स 690 अंकों की गिरावट के साथ ही 82,985 के स्तर पर खुला। वहीं ‎‎‎निफ्टी भी 25,589 पर खुला और इसमें लगभग 0.85 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। वहीं एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को गिरावट रही। अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी अनिश्चितताओं और टेक शेयरों में बिकवाली से भी वैश्विक बाजारों पर पड़ा है। जापान का निक्केई 225 करीब 1.69 फीसदी गिरा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.5 फीसदी नीचे रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 लगभग 1.3 फीसदी कमजोर हुआ। अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों ने टेक्नोलॉजी शेयरों से दूरी बनाई, साथ ही आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों के नतीजों का आकलन किया। एसएंडपी 500 में 1.57 फीसदी की गिरावट रही। नैस्डैक कंपोजिट 2.03 फीसदी टूटा, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.34फीसदी नीचे बंद हुआ। ईएमएस 13 फरवरी 2026