राजगढ़ (ईएमएस ) जिले के सारंगपुर में हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सारंगपुर, पचोर, करनवास और ब्यावरा थाना क्षेत्रों में सक्रिय थे और हाईवे किनारे आराम कर रहे ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई कार और डीजल की कैन बरामद की हैं। जानकारी अनुसार गत 25 नवंबर की रात धनोरा जोड़ के पास खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी की वारदात हुई थी। वारदात के बाद ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी आकांक्षा हाड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड को खंगाला। जांच में एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार संदिग्ध पाई गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच पुलिस ने आरोपियों के पास से स्विफ्ट डिजायर कार (MP09CU6030) और दो डीजल कैन जब्त की हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 300 रुपए आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान माखन सोंधिया (20) निवासी ब्यावरा और विक्की उर्फ विकास शर्मा (20) निवासी चाचौड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अब इन दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का सुराग मिल सके। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर अक्सर ट्रक ड्राइवर थकान मिटाने के लिए गाड़ी खड़ी कर सो जाते थे, जिसका फायदा ये चोर उठाते थे। कई बार ट्रक चालक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने नहीं जाते थे, जिससे इन बदमाशों के हौसले बढ़ गए थे। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमित त्यागी, साइबर सेल के शशांक यादव और यातायात पुलिस सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।-निखिल /राजगढ़/11/2/2026