टंबलर रिज(ईएमएस)। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत स्थित टंबलर रिज कस्बे के एक स्कूल में मंगलवार को हुई भीषण गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य हमलावर भी मारा गया है। इस दर्दनाक घटना में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिस समय यह हमला हुआ, स्कूल में करीब 200 छात्र मौजूद थे। फिलहाल सुरक्षा कारणों से हमलावर की पहचान उजागर नहीं की गई है और पूरे इलाके को भारी पुलिस बल ने छावनी में तब्दील कर दिया है। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने पुष्टि की है कि एक संदिग्ध घटनास्थल पर मृत पाया गया है। पुलिस अधिकारी अब इस बात की गहनता से जांच कर रहे हैं कि क्या इस कृत्य में कोई दूसरा संदिग्ध भी शामिल था। करीब 2,400 की आबादी वाले इस शांत कस्बे में सुरक्षा के मद्देनजर निवासियों को घरों के भीतर ही रहने की सख्त हिदायत दी गई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पड़ोसी इलाकों से अतिरिक्त पुलिस कुमुक बुलाई गई है।पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, घटना के बाद टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल और एलीमेंट्री स्कूल दोनों को लॉकडाउन पर रखा गया है, जिससे किसी भी व्यक्ति के अंदर आने या बाहर जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। स्थानीय विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक संसाधन तेजी से मौके पर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने समुदाय के लोगों से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर ही रहने का आग्रह किया है। यह क्षेत्र वैंकूवर से लगभग 1,000 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। उल्लेखनीय है कि कनाडा में स्कूलों के भीतर गोलीबारी की ऐसी हिंसक घटनाएं अत्यंत दुर्लभ मानी जाती हैं, जिससे इस त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर दिया है। वीरेंद्र/ईएमएस/11फरवरी2026