- जमशेदपुर में हड़ताल के बीच बर्मामाइंस पार्किंग में हिंसा - पहले भी हुआ था हमला, हड़ताल जारी रखने का ऐलान जमशेदपुर (ईएमएस)। टाटा स्टील से जुड़े वेंडर कंपनियों के कथित गुंडों द्वारा स्थानीय ट्रेलर ऑनर्स यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर हमले का मामला सामने आया है। घटना बर्मामाइंस पार्किंग क्षेत्र की है, जहां यूनियन की घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले दिन तनाव हिंसा में बदल गया। हमले में जयकिशोर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूनियन का कहना है कि वे टाटा स्टील से जुड़े परिवहन कार्यों में लगे लगभग 7000 ड्राइवरों के लिए न्यूनतम मजदूरी, माल ढुलाई का उचित भाड़ा और कथित अनुचित वसूली बंद करने की मांग कर रहे हैं। यूनियन नेतृत्व का आरोप है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिसके बाद हड़ताल और चक्का जाम का निर्णय लिया गया। बताया गया कि बुधवार सुबह जयकिशोर सिंह अपने समर्थकों के साथ बर्मामाइंस पार्किंग पहुंचे, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उन्हें जगह खाली करने को कहा। विवाद बढ़ने पर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और लाठियों से हमला किया गया। यूनियन के अनुसार, हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और अन्य ड्राइवर सहम गए। यूनियन ने दावा किया कि एक दिन पहले भी जयकिशोर सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। यूनियन अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दबाव को तोड़ने के लिए यह हमला कराया गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि हमले के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और श्रमिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।