11-Feb-2026
...


दोनों गंभीर रूप से झुलसीं, आरोपी फरार — अस्पताल में इलाज जारी पेंड्रा(ईएमएस)। गौरेला क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पति ने कथित रूप से शराब के नशे में अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पति शंकर पांडेय घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना गौरेला में एडिशनल एसपी बंगले के सामने मुख्य मार्ग स्थित सुलभ शौचालय के महिला वॉशरूम क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि यह परिवार अस्थायी रूप से वहीं रहकर सुलभ शौचालय की देखरेख और संचालन का काम करता था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच शराब पीकर आने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में पत्नी शमा शर्मा और उनकी नाबालिग बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। आग लगने से वहां रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। सूत्रों के मुताबिक, दंपती मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और पेंड्रा आकर सुलभ शौचालय में केयरटेकर का काम कर रहे थे। पति के शराब सेवन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था, जिसे इस घटना की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, हालांकि अस्पताल से मेडिकल मेमो थाने भेजा जा चुका है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं होने के कारण मां-बेटी का इलाज आईपीडी में ही किया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026