क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


- चार शवों के परिजन करते रहे इंतजार, मंत्री ओपी चौधरी के हस्तक्षेप के बाद शुरू हुई प्रक्रिया रायगढ़(ईएमएस)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चूरी में गंभीर अव्यवस्था का मामला सामने आया है। यहां चार शवों का पोस्टमार्टम करीब 7 घंटे तक सिर्फ इसलिए अटका रहा क्योंकि मर्चूरी में कोई स्वीपर मौजूद नहीं था। इस दौरान परिजन सुबह से शाम तक अंतिम संस्कार के लिए शव मिलने का इंतजार करते रहे। जानकारी के अनुसार, खरसिया के तेलीकोट निवासी शंकर यादव (35) ने जहर खा लिया था। इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को मेडिकल कॉलेज मर्चूरी भेज दिया। मृतक के साढ़ू घनश्याम यादव के मुताबिक, वे सुबह करीब 11 बजे अन्य परिजनों के साथ मर्चूरी पहुंचे, जहां कुल चार शव पोस्टमार्टम के लिए रखे थे। परिजनों का आरोप है कि घंटों तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। पूछताछ करने पर स्टाफ ने बताया कि मर्चूरी में दो स्वीपर पदस्थ हैं—एक छुट्टी पर है, जबकि दूसरा दुर्घटना में घायल है, इसलिए पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा था। आखिरकार एक परिजन ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026