- दो माह बाद पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट राजगढ़(ईएमएस) नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने जेठ पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार घटना गत 1 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे की है। आरोप है कि जेठ ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे चुप रहने और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद भय और सामाजिक दबाव के चलते पीड़िता कुछ समय तक चुप रही। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने 10 फरवरी 2026 को राजगढ़ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 64(1), 64(2)(एफ), 127(2) एवं 351(3) के तहत प्रकरण कायम किया है। थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। -निखिल /राजगढ़/11/2/2026