जांजगीर(ईएमएस)। जिले में जातिगत गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी हेमंत कुमार शर्मा (47), निवासी शिवरीनारायण को थाना अजाक पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक घटना 28 दिसंबर की है। पीड़ित रवि कुमार गुप्ता अपने साथियों के साथ सीमांकन के बाद जमीन पर सीमेंट का खंभा गाड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट की, जिससे पीड़ित को चोट आई। शिकायत के आधार पर थाना अजाक में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 191(2), 191 तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(5क), 3(1)(द)(ध) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय जांजगीर में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026