- 3 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार जशपुर(ईएमएस)। जिले में घरेलू विवाद से तंग आकर पत्नी द्वारा पति की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में आए दिन विवाद और मारपीट करता था, जिससे गुस्साई पत्नी ने पहले कुल्हाड़ी से उसके सिर और चेहरे पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद छाती पर बैठकर गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद दंपती की दो नाबालिग बेटियों ने पूरी वारदात देखी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने शव को कमरे में चादर से ढंककर रखा और बाद में उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पत्नी और दोनों बेटियों ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग लड़के की मदद ली। सभी ने मिलकर शव को लकड़ी की बल्ली से बांधा और जंगल ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया। मामला जशपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने जांच के बाद मुख्य आरोपी पत्नी सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। मुख्य आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026