जशपुर(ईएमएस)। जिला अस्पताल में अचानक डायरिया और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक कई मरीज शहर में आयोजित एक भोज में शामिल हुए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों को आशंका है कि मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ से फूड पॉइजनिंग हुई है। जिला अस्पताल में 100 से ज्यादा लोगों ने इलाज कराया, जिनमें कुछ को भर्ती करना पड़ा। वहीं रायगढ़ रोड स्थित एक निजी क्लीनिक और अस्पताल में भी 100 से अधिक मरीज उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। इसके अलावा दवा दुकानों से सीधे इलेक्ट्रॉल और दस्त की दवाएं लेने वालों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। फिलहाल अधिकांश मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच और संभावित कारणों की पड़ताल कर रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026