- रोज 100 टन तक कोयला पार होने का दावा सरगुजा(ईएमएस)। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित SECL की अमेरा कोयला खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष खदान में घुसकर बोरे में कोयला भरते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि रोज करीब 300 से ज्यादा लोग खदान में पहुंचकर कोयला निकाल रहे हैं और प्रतिदिन लगभग 100 टन कोयले की चोरी हो रही है। जानकारी के मुताबिक ग्रामीण खदान के फेस तक पहुंचकर कोयला निकालते हैं और फिर साइकिल व बाइक के जरिए आसपास के गांवों तक पहुंचाते हैं। चोरी का कोयला स्थानीय ईंट भट्ठों में बेचे जाने के साथ-साथ बाहर तस्करी होने की भी आशंका जताई जा रही है। इससे SECL को हर दिन लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। बताया गया है कि कोयला चोरी रोकने की कोशिश में पहले सुरक्षा कर्मियों पर ग्रामीणों द्वारा हमले भी हो चुके हैं, जिसके कारण सुरक्षाकर्मी भी कार्रवाई करने से हिचक रहे हैं। SECL विश्रामपुर के जीएम डॉ. संजय सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पुलिस से चर्चा की गई है और चोरी रोकने के लिए कार्रवाई का आश्वासन मिला है। इधर सरगुजा के एएसपी अमोलक सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। पहले भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी और अब फिर से कोयला चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 फरवरी 2026