क्षेत्रीय
11-Feb-2026
...


- कार्यकर्ताओं को दिया फील्ड पर उतरने का टास्क मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी की आशंका, ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर करें अवलोकन गुना (ईएमएस)। जिला कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन में बुधवार को राघौगढ़ विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह की अध्यक्षता में समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण और मैराथन बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जयवर्धन सिंह ने मतदाता सूची में हुए व्यापक फेरबदल और विसंगतियों को लेकर प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों में न बैठें, बल्कि हर बूथ पर जाकर मतदाता सूची की असलियत का पता लगाएं। इस महत्वपूर्ण बैठक में जयवर्धन सिंह के साथ बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल भी विशेष रूप से मौजूद थे। मतदाता सूची में व्यापक कटौती बैठक को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने मतदाता सूची के आंकड़ों पर गहरी चिंता और आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले जो प्रारंभिक जानकारी पीडीएफ के रूप में सामने आई थी, उसमें राघौगढ़ विधानसभा से करीब 12 हजार नाम गायब थे, जबकि गुना विधानसभा में 20 से 25 हजार नाम कम हुए थे। इसी तरह चांचौड़ा और बमोरी में भी हजारों मतदाताओं के नाम काटे गए थे। लेकिन जब फॉर्म-7 (नाम हटाने के लिए आवेदन) की दावे-आपत्तियों की समय सीमा खत्म होने के बाद एसडीएम द्वारा नई सूची जारी की गई, तो स्थिति और भी भयावह निकली। जयवर्धन सिंह ने खुलासा किया कि लगभग प्रत्येक विधानसभा में 50 से 52 हजार लोगों के नाम सूची से हटाने फर्जी आपत्तियां लगाई गईं जिसने आमजन में एक दहशत का वातावरण पैदा किया गया। कई मतदान केंद्रों पर तो एक साथ 100-200 लोगों के नामो पर फर्जी आपत्तियाँ लगाकर एक ज़बरदस्ती का पैनिक क्रिएट गया। सवाल यह है कि कई जगह तो आपत्तिकर्ता की पहचान तक नहीं हो पाई किसी की वोटर आईडी लगा कर किसी अन्य अनजाने व्यक्ति ने सैंकड़ो आपत्तियाँ लगाईं। कई मामलों में तो बीएलओ यही नहीं पहचान पाए कि आपत्तिकर्ता दरअसल कौन है। यह चिंताजनक बात है कि यह साज़िश रचने वालों पर पुलिस और प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस सम्बंध में कलेक्टर एवं एसपी को शिकायती आवेदन भी कांग्रेस पार्टी द्वारा सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि जब इस बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की गई, तो उनका तर्क है कि हजारों दावे-आपत्तियां निरस्त की गई हैं। फिलहाल राघौगढ़ में अब 800 के करीब नाम काटे गए हैं। गुना, बमोरी, चांचौड़ा के कार्यकर्ता इन सूचियों को लेकर उनका अवलोकन करें। विधायक ने कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि प्रशासन भले ही इसे तकनीकी प्रक्रिया बताए, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ब्लॉक और बूथ स्तर पर जाकर यह देखना होगा कि कटे हुए नाम असल में किसके हैं और उन्हें किस आधार पर हटाया गया है। युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए ट्रेनिंग है अनिवार्य संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के भविष्य और युवाओं के लिए प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) बहुत जरूरी है। उन्होंने ग्वालियर में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए बताया कि वीडियो के माध्यम से कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास को जिस तरह दशकों के हिसाब से समझाया गया, वह बहुत ही सरल और प्रभावी तरीका है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई कि वैसा ही व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला स्तर पर गुना में भी आयोजित किया जाना चाहिए, जिस पर जयवर्धन सिंह ने अपनी सहमति जताई। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 22 तारीख को सेवादल अध्यक्ष भार्गव जी का गुना आगमन हो रहा है। इस दौरान सभी ब्लॉक अध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही नई मतदाता सूची आएगी, वैसे ही मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों के लिए भी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पंचायत समितियों के गठन और बूथों की मॉनिटरिंग के निर्देश जयवर्धन सिंह ने ब्लॉक अध्यक्षों को कड़ेे लहजे में हिदायत दी कि वे अपनी-अपनी पंचायत समितियों का गठन तत्काल पूर्ण करें और सूची जिला कार्यालय को सौंपें। उन्होंने नवीन मतदाता सूची के अवलोकन पर जोर देते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में नए बूथ बनाए गए हैं और पुराने बूथों के नंबर बदल दिए गए हैं। ऐसे में यदि कार्यकर्ता अपडेट नहीं रहेंगे, तो चुनाव के समय मतदाताओं को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैठक के अंत में उन्होंने ब्लॉक वार समीक्षा करते हुए नवीन समितियों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मतदाता सूची में होने वाली एक-एक गड़बड़ी का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी और जरूरत पडऩे पर आंदोलन भी किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बमौरी विधायक इंजी ऋषि अग्रवाल, राघौगढ नपाध्यक्ष विजय साहू, राघौगढ़ जनपद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मेहरबान सिंह धाकड़, श्री हरिशंकर विजयवर्गीय, विश्वनाथ तिवारी, रजनीश शर्मा, हनुमंतसिंह दावतपुरा, हेमराज सिंह सिसौदिया, पंकज कनेरिया, रणवीर कुशवाह, हलीम गाजी, मनीष रघुवंशी, राजू कोरी, डॉ संजय मीणा, प्रकाश सिंह धाकड़, अभय व्यास, तरूण सेन, तिलवेंदर सिंह, चंद्रजीत यादव, भगवान सिंह मीणा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे| सीताराम नाटानी