अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) के किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष राजू करपड़ा ने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने यह फैसला जेल से रिहा होने के महज एक सप्ताह बाद लिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजू करपड़ा ने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा है। इस्तीफे की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा कि व्यक्तिगत कारणों की वजह से अब उनके लिए पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना संभव नहीं है। करपड़ा ने अपनी पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने अपने परिवार से ज्यादा समय संगठन को दिया। उन्होंने कहा, “शायद प्रकृति ने यहां तक ही मेरा साथ लिखा था।” इस भावुक संदेश के साथ उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ किसान साथियों का आभार व्यक्त किया और किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए क्षमा भी मांगी। राजू करपड़ा को एक सक्रिय और जुझारू किसान नेता के रूप में जाना जाता है। उनके अचानक इस्तीफे को आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पार्टी गुजरात में अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम का आगामी रणनीतियों और किसान राजनीति पर असर पड़ सकता है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सतीश/11 फरवरी