बुरहानपुर (ईएमएस)। शहर में पुनरधुन्तविकर्ण योजना की राशि से निर्मित सिटी डिस्पेंसरी अब पूरी तरह बनकर तैयार है, किंतु दुर्भाग्यवश अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण शहरवासियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिस उद्देश्य से इस डिस्पेंसरी का निर्माण किया गया था, वह उद्देश्य अभी तक अधूरा है। वर्तमान में शहर के अधिकांश लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल पर निर्भर हैं। छोटी-बड़ी सभी बीमारियों के मरीज वहीं पहुंच रहे हैं, जिससे अस्पताल पर अत्यधिक भार बढ़ गया है। परिणामस्वरूप मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है, समय पर उपचार नहीं मिल पाता और कई बार आवश्यक सुविधाओं का अभाव भी देखने को मिलता है। यदि सिटी डिस्पेंसरी चालू हो जाए तो सामान्य बीमारियों का उपचार वहीं संभव होगा और जिला अस्पताल पर दबाव कम किया जा सकेगा। सिटी डिस्पेंसरी के संचालन से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध होंगी। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में भी तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सकेगा, जिससे गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए धनराशि खर्च की गई है, इसलिए यह आवश्यक है कि संबंधित विभाग शीघ्र ही स्टाफ की नियुक्ति और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था कर डिस्पेंसरी को चालू करे। शहरवासियों की लंबे समय से यह मांग रही है कि सिटी डिस्पेंसरी को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि उन्हें बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कदम उठाते हुए सिटी डिस्पेंसरी का संचालन शीघ्र प्रारंभ करना चाहिए। .../ 11 फरवरी /2026