गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,(ईएमएस)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव तथा जीपीएम जिले के प्रभारी सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के साथ जिला अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली। साथ ही याजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की समस्या, स्टाफ की कमी, अधोंसंरचना आदि के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विभागों में लंबित प्रकरणों को अपने स्तर पर तत्काल निराकृत करने तथा अपने स्तर पर निराकृत नहीं होने की स्थिति में वरिष्ट कार्यालय से निराकृत कराने के निर्देश दिए। जिले के प्रभारी सचिव ने शिक्षा गुणवत्ता, टीकाकरण, जल संरक्षण आदि पर जोर देते हुए जिले में संचालित स्कूलों और विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिए विद्यार्थीयों की शतप्रतिशत नियमित उपस्थिति, पालक-शिक्षक की नियमित बैठक के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने पर जोर दिया। महतारी वंदन योजना में नामों की डुप्लीकेशन से संबंधी मुद्दे पर संबंधित अधिकारी को समाधान के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं, पशु संगणना, पशु टीकाकरण, भू-जल संवर्धन, वाटर रिचार्ज, पेयजल योजनाओं, खनिजों-खदानों, परिवहन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रभारी सचिव द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के तहत योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी लाते हुए लक्ष्य के अनुरुप उपलब्धि लाने आश्वत किया। बैठक में डीएफओ श्रीमती ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, मुख्य अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बिलासपुर परिक्षेत्र संजय सिंह सहित अधिकारिगण उपस्थित थे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 फरवरी 2026