दोपहर 3:00 बजे से होगा मैच मुंबई (ईएमएस)। टी20 विश्वकप में गुरुवार को यहां नेपाल की टीम का मुकाबला इटली से होगा। अपने पहले ही मैच में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 4 रनों से हारी नेपाल की टीम इस मैच को जीतने के इरादे से उतरेगी। जिस प्रकार उसने पहले ही मैच में दो बार विजेता रही इंग्लैंड को टक्कर दी है उससे तय है कि वह जीत की प्रबल दावेदार रहेगी। वहीं इटली की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है जबकि नेपाल ने साल 2014 में हांगकांग और अफगानिस्तान को हराया था पर उसके बाद नेपाल एक भी मैच नहीं जीत पाया है। नेपाल तीन अवसरों पर टेस्ट खेलने वाले देशों को हराने के बेहद करीब पहुंचा पर अंत में उसे हार का सामना करना पड़ा था। वह 2024 में दक्षिण अफ्रीका से वह केवल एक रन से और बांग्लादेश से 21 रन से हार गया था। इंग्लैंड के खिलाफ वह पहले मैच में लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गया था पर अंत में उसे चार रन से हार झेलनी पड़ी। नेपाल के क्रिकेटरों के प्रदर्शन की काफी तारीफ भी हुई है। इटली के खिलाफ भी पूरी संभावना है कि दर्शक उसे पूरा समर्थन देंगे। नेपाल के पास कुशल भुर्टेल के रूप में शीर्ष क्रम में आक्रामक बल्लेबाज है, वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी, कप्तान रोहित पौडेल और आरिफ शेख मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करते हैं। लोकेश बाम ने अपने आक्रामक स्ट्रोक प्ले से जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद जैसे कुशल गेंदबाजों को भी पीट दिया। नेपाल को हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है। इंग्लैंड के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने बीच के ओवरों में पर्याप्त चौके नहीं लगाए। उन्हें विकेटों के बीच दौड़ में भी सुधार करना होगा। दूसरी ओर इटली टूर्नामेंट के पहले मैच में स्कॉटलैंड से मिली 73 रन की करारी हार से उबरकर नए सिरे से शुरुआत करना चाहेगा। इस मैच के दौरान इटली के कप्तान वेन मैडसेन के कंधे में भी चोट लग गई थी और पूरी संभावना है कि नेपाल के खिलाफ हैरी मैनेंटी टीम की कप्तानी करेंगे। इटली ने स्कॉटलैंड के खिलाफ गेंदबाजी में कई बदलाव किये पर उसे सफलता नहीं मिली। नेपाल के खिलाफ इटली को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसके सभी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं: नेपाल: रोहित पौडेल (कप्तान), आरिफ शेख, आसिफ शेख (विकेटकीपर), दीपेंद्र सिंह ऐरी, बसीर अहमद, कुशल भुर्टेल, संदीप जोरा, लोकेश बाम, गुलसन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, संदीप लामिछाने, शेर मल्ला, ललित राजबंशी, नंदन यादव। इटली: वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान-पिएरो मीडे (विकेटकीपर), एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, हैरी मैनेंटी, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, अली हसन, थॉमस ड्रेका, जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे, बेन मैनेंटी, ज़ैन अली। ईएमएस 11 फरवरी 2026