नई दिल्ली (ईएमएस)। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने आज अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर उनकी होने वाली बहू सानिया चंडोक भी साथ में थीं। इस मुलाकात की तस्वीरें स्वयं सचिन ने सोशल मीडिया पर साझा कीं हैं। सचिन ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीरें जारी करते हुए इसे परिवार के लिए सम्मान की बात बताया। उन्होंने लिखा कि अर्जुन और सानिया की शादी का आमंत्रण प्रधानमंत्री को देकर पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सचिन ने युवा जोड़े के लिए प्रधानमंत्री के आशीर्वाद और उनकी सलाह के लिए भी आभार जताया। पोस्ट में पूरे परिवार के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीरें और अर्जुन-सानिया के साथ एक विेशेष तस्वीर भी शामिल थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन और सानिया की शादी से जुड़े कार्यक्रम मार्च के पहले हफ्ते में शुरू होंगे। शादी की रस्में 3 मार्च से शुरू होने की संभावना है, जबकि 5 मार्च को विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। शादी में केवल परिवार के करीबी सदस्य और दोस्त ही शामिल होंगे। समारोह मुंबई में आयोजित किए जाने की चर्चा है। सानिया मुंबई के जाने-माने कारोबारी रवि घई की पोती हैं। सानिया ने अपनी पेशेवर पहचान खुद बनाई है और कारोबार व शिक्षा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रही हैं। इस दंपत्ति ने पिछले साल अगस्त में बेहद निजी समारोह में सगाई की थी, जिसमें केवल करीबी लोग मौजूद थे। वहीं अर्जुन सचिन तेंदुलकर आईपीएल के अलावा घरेलू क्रिकेट में गोवा से खेलते हैं। ईएमएस 11 फरवरी 2026