राष्ट्रीय
11-Feb-2026


मुंबई (ईएमएस)। सुपरस्टार सलमान खान के परिवार से जुड़े एक सदस्य को कथित तौर पर धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि यह मेल एक सुरक्षित ईमेल सर्विस के जरिए भेजा गया और उसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया। सूत्रों के मुताबिक, ईमेल में बड़ी रकम की मांग की गई है। बाद में यह स्पष्ट हुआ कि जिस शख्स को यह धमकी मिली है, वह अभिनेता आयुष शर्मा हैं, जो सलमान खान की बहन अर्पिता खान शर्मा के पति हैं। हालांकि इस मामले में अब तक न तो आयुष और न ही सलमान की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में एक दिन पहले अभिनेता रणवीर सिंह को भी कथित तौर पर व्हाट्सऐप वॉइस नोट के जरिए धमकाया गया था। उस संदेश में भी भारी रकम की मांग की गई थी। जानकारी के अनुसार, रणवीर की टीम ने तुरंत मुंबई पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद उनके आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पिछले कुछ समय में कई फिल्मी हस्तियों के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी ने खासा ध्यान खींचा था। इसके अलावा कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे और निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर भी गोली चलने की घटनाओं की चर्चा रही। इन मामलों में कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आता रहा है। सुबोध/११-०२-२०२६