:: केंद्रीय खेल मंत्री का इंदौर में भव्य स्वागत; खेल पदाधिकारियों को किया संबोधित :: इंदौर (ईएमएस)। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया बुधवार को अल्प प्रवास पर इंदौर पहुंचे। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस संक्षिप्त प्रवास के दौरान बड़ी संख्या में खेल संगठनों के पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। विमानतल पर संक्षिप्त चर्चा के दौरान श्री मांडविया ने देश के विभिन्न खेल महासंघों में चल रहे आपसी विवादों और खींचतान पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सरकार ऐसे खेल महासंघों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की तैयारी कर रही है जो खेल और खिलाड़ियों के हित के बजाय विवादों में उलझे हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेल संगठनों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री ने इंदौर के खेल पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनका यह प्रवास बहुत संक्षिप्त था, लेकिन अगली बार जब वे इंदौर आएंगे, तब खेल संघों के प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों के साथ बैठकर खेल विकास पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उन्होंने प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की सराहना भी की। स्वागत के इस अवसर पर मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला तथा उपाध्यक्ष ओम सोनी के साथ हरिनारायण यादव, जयेश आचार्य, मोहन सिंह राठौर, श्रीकांत तिवारी, गुलाब सिंह चौहान, गोविंद चिंतामण, लक्ष्मण दातिर, विनय यादव, गौरव पटेल, नर्मदा कश्यप, ईश्वर सिंह चौहान और सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल अधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित थे। प्रकाश / 11 जनवरी 2026