क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के गम्हरिया में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री, दोनों निवासी गम्हरिया, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खोते हुए पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।