जशपुर(ईएमएस)। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में नियमों की अनदेखी कर छात्रों को बाइबिल बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के एक व्याख्याता ने कक्षा में विद्यार्थियों के बीच बाइबिल की प्रतियां वितरित कीं, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य को सूचना दिए सीधे कक्षा में चले गए। वहां उन्होंने छात्रों के बीच बाइबिल की पुस्तिकाएं बांट दीं। मामला सामने आने पर छात्रों के बैग की जांच की गई, जिसमें 14 बाइबिल प्रतियां बरामद होने की बात कही जा रही है। प्राचार्य ने इसे गंभीर प्रशासनिक उल्लंघन मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेज दी गई है और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और व्याख्याता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठने लगी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026