12-Feb-2026
...


- युवक पर पुलिस की कार्रवाई रायगढ़(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर हथियारनुमा गन के साथ रील पोस्ट कर दहशत फैलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया और धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील पोस्ट की है, जिसमें वह खुले मार्ग पर हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था। इससे आमजन में भय का माहौल बनने की आशंका जताई गई। मामले को गंभीर मानते हुए अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में युवक की पहचान दीदार अली (33 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती खरसिया, हाल निवासी बेहरापारा धरमजयगढ़ के रूप में हुई। वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था। पूछताछ में युवक ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई गन छर्रा वाली एयर गन है, जिसके लिए लाइसेंस आवश्यक नहीं होता। हालांकि पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानून-व्यवस्था के लिहाज से अनुचित मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय या असुरक्षा का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026