12-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर में खुले स्थानों पर कचरा फेंके जाने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई जगहों पर लंबे समय तक कचरा पड़ा रहने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब कुछ लोग कचरे में आग लगा देते हैं, जिससे धुआं फैलने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। खुले स्थानों के साथ-साथ नालियों में भी कचरा फेंक दिया जाता है, जिससे जल निकासी प्रभावित होती है और गंदगी फैलती है। इसका असर आम जनजीवन के साथ पशुओं पर भी पड़ रहा है। खुले में पड़े कचरे को खाने से मवेशी बीमार हो रहे हैं, वहीं कुछ पशुओं की मौत तक होने की जानकारी सामने आई है। शहरवासियों का कहना है कि खुले में कचरा फेंकने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। तालाब और नदी तट सहित झुनियापारा, बरदेभाठा, मांझापारा, अलबेलापारा, सिविल लाइन, जवाहर वार्ड, महादेव वार्ड, भंडारीपारा, कंकालिन पारा और शांति नगर जैसे इलाकों में खुले स्थानों पर कचरा फेंके जाने की समस्या अधिक देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।