पेंड्रा(ईएमएस)। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पनकोटा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां शादी में हो रही देरी से आहत एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है। उसकी कम उम्र के कारण परिजन शादी कुछ समय बाद करने की बात कह रहे थे। इसी बात से आहत होकर पहले युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती के फांसी लगाने की सूचना मिलते ही युवक मौके पर पहुंचा, उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन कुछ ही देर बाद वह स्वयं घर के पास स्थित नीलगिरी प्लॉट में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर बैठा।जानकारी के मुताबिक दोनों परिवारों की सहमति से युवक-युवती गांव में एक ही घर में साथ रह रहे थे। इसके बावजूद दोनों द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026