बिलासपुर (ईएमएस)। यज्ञशाला परिसर, खैरा डगनिया में सामूहिक सामाजिक सद्भाव बैठक एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्व समाज के समाज प्रमुखों की सहभागिता रही। बैठक के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार मटाले एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजकुमार सचदेव मंचस्थ रहे। अपने संबोधन में राजकुमार मटाले ने कहा कि समाज को सही दिशा देने वाले विचारक और मार्गदर्शक ही राष्ट्र की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत प्राचीन और पवित्र भूमि है, जहाँ सामाजिक सद्भाव की परंपरा सदियों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि भारत भूमि के लोगों के रग-रग में श्रीराम का वास है। श्रीराम द्वारा केवट को गले लगाना और माता शबरी के बेर स्वीकार करना सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है। बैठक को समाज प्रमुखों रहस्य गढ़वाल, राम रतन भारद्वाज, जय शिकारी, राम प्रसाद साहू, संतोष कुमार सूर्यवंशी, रामजी साहू, सुंदरलाल साहू, मिलन विश्वकर्मा, विश्राम निर्मलकर, पंचराम साहू, हर प्रसाद केवट, चैतराम साहू, दिलीप कुमार, सुरेश कुमार राय तथा राम लोचन श्रीवास सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने समाज में भाईचारा, एकता और सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया।कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन राम प्रसाद साहू द्वारा किया गया। अंत में सभी समाज प्रमुखों ने एक साथ बैठकर समरसता भोज किया तथा भारत माता का भजन गाकर कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।