जबलपुर (ईएमएस)। चरगवां थानांतर्गत ग्राम कोटवारी में घर में कुत्ता घुसने की बात पर हुए विवाद के दौरान पति पत्नी ने पड़ौसी युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर सिर में गंभीर चोटें पहुंचाई। इसके बाद हमलावर दंपत्ति जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। चरगवां पुलिस ने बताया कि ग्राम कोटवारी में रहने वाले कैलाश पटेल का बेटा बबलू कल शाम घर के सामने बैठा था। उसी समय झगड़ा होने की आवाज आने पर कैलाश व मायाराम झारिया ने घर के बाहर आकर देखा कि बबलू घर के पास रहने वाले धर्मेन्द्र यादव से कह रहा था कि तुम्हारे पालतू कुत्ते मेरे घर में क्यों घुसने देते हो, घर में गंदगी करते हैं। इसी बात पर धर्मेन्द्र यादव व उसकी पत्नी किरण दोनो बबलू के साथ गालीगलौज करने लगे। बबलू ने गालियां देने से मना किया तो किरण यादव ने बबलू का हाथ पकड़ लिया और धर्मेन्द्र ने बबलू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर चोटें पहुंचा दी। सुनील साहू / मोनिका / 12 फरवरी 2026