दतिया ( ईएमएस ) | दतिया जिले में उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निवेश संवर्धन एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योग संचालक, निवेशक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वानखड़े ने जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर उद्योग संचालकों से विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर कुछ निवेशक अपने निवेश प्रस्ताव लेकर उपस्थित हुए, जिन्हें कलेक्टर ने गंभीरता से सुना तथा प्रस्तावों पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक से चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में एमएसएमई उद्योगों के संवर्धन हेतु आवश्यक परामर्श एवं सुझाव दिए गए। साथ ही मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति/योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिले में एक नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु 20 हेक्टेयर शासकीय भूमि चिन्हांकित किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र गंधारी के सीमांकन कराए जाने के संबंध में भी बिंदुवार चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र गंधारी में वर्तमान में उपलब्ध एक रिक्त भू-खंड के ऑनलाइन आवंटन हेतु विभागीय पोर्टल पर विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनकी अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 निर्धारित है। कलेक्टर श्री वानखड़े ने बैठक में कहा कि जिले में अधिक से अधिक निवेश सुनिश्चित करने के लिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दतिया जिला रेल, हाईवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से जुड़ा है, साथ ही बड़े जिलों के निकट होने के कारण यहां उद्योग स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीताम्बरा शक्तिपीठ के कारण बड़ी संख्या में बाहर से श्रद्धालु जिले में आते हैं, जिससे यहां उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं और अधिक मजबूत होती हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बेहतर उद्योग स्थापना एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि सरल भाषा में आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे संबंधित योजनाओं का लाभ उठा सकें। बैठक में संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल, महाप्रबंधक उद्योग विभाग श्रीमती संगीता पंडोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।