मुरैना ( ईएमएस ) | आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ में संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत विज्ञान में महिलाओं एवं बालिकाओं के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सांदीपनी विद्यालय, पहाड़गढ़ में किशोरियों के लिए एक व्यापक एवं प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी, जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी, विज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य बालिकाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण, बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय का महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सुरक्षित पेयजल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। उपस्थित विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शिक्षा ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में समन्वित और सतत विकास सुनिश्चित करना है। विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाना इसी लक्ष्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यक्रम में सांदीपनी विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री रवि कुमार शाक्य, आकांक्षी ब्लॉक फेलो श्री रविन्द्र कुशवाह तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने किशोरियों को आत्मविश्वास विकसित करने, पोषण के प्रति सजग रहने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। यह आयोजन किशोरियों में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से विकासखंड पहाड़गढ़ में स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को इस कार्यक्रम से नई ऊर्जा प्राप्त हुई।