- निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का रखे विशेष ध्यान-राज्यमंत्री पंवार ब्यावरा(ईएमएस) गुरुवार को जनपद पंचायत ब्यावरा में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक में आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी नागरिक को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति, टंकियों की साफ-सफाई, पाइपलाइन की मरम्मत, हैंडपंपों की कार्यशीलता तथा आवश्यकतानुसार टैंकर व्यवस्था की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की सतत मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी समस्या की आशंका हो, वहां पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी जाए। पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने शिक्षा व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली, कक्षाओं की स्थिति एवं बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में समयपूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। -निखिल /ब्यावरा/12/2/2026