- 21 करोड़ 97 लाख से अधिक का माल जप्त - राजगढ, नीमच जिले में एमडी ड्रग्स, हरे अफीम के पौधे जब्त भोपाल(ईएमएस)। एमपी पुलिस द्वारा प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी एवं खेती के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी कार्यवाही के परिणामस्वरूप राजगढ़ एवं नीमच जिले में की गई दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने 21 करोड़ 97 लाख रूपए से अधिक के मादक पदार्थ (एमडी ड्रग्स एवं अफीम के पौधे) जप्त किए है। - ड्रोन सर्चिंग से जप्त किये 97 लाख 60 हजार के अफीम के हरे पौधे नीमच में लगभग 97 लाख 60 हजार रूपए 9.76 क्विंटल अवैध अफीम के हरे पौधे जप्त किये गये है। विभाग द्वारा जारी की गई जानकारी के मुताबिक जिले की पुलिस चौकी जाट को 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों एवं ड्रोन सर्चिंग के माध्यम से पुष्टि कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा मौके से 11,600 नग हरे पौधे (कुल वजन 09 क्विंटल 76 किलोग्राम) अफीम के पौधे जब्त किए गए। कुल बरामद किए गए है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 97 लाख 60 हजार रुपये है। आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। - राजगढ में 21 करोड़ का 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जप्त वहीं जिले की राजगढ़ पुलिस दो अलग-अलग कार्यवाही में एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना माचलपुर पुलिस ने 11 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर ग्राम माणा के पास से आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने घर ग्राम अरनिया में एमडी ड्रग्स छिपाकर रखने की जानकारी दी। आरोपी के घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने किचन में रखे कार्टून से 10.160 किलोग्राम एमडी ड्रग्स कीमत लगभग 10 करोड़ रूपए जप्त की। आरोपी की निशानदेही पर एक अन्य कार्रवाई में सहआरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके द्वारा खेत में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ की जानकारी देने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सरसों के खेत में हरे रंग के कार्टून से 11.350 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 करोड़ रूपए आंकी गई है। जुनेद / 12 फरवरी