क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


- ओलावृष्टि से प्रभावित 8 गाँवों के 1711 किसानों के खाते में 2 करोड़ रुपए से अधिक राहत राशि 20 फरवरी को डाली जायेगी ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले की चीनौर तहसील में गत दिनों हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के खाते में 20 फरवरी तक राहत राशि पहुँचाई जायेगी। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को जिले में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की राहत राशि वितरण के संबंध में समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोई भी ओलावृष्टि से प्रभावित किसान राहत राशि से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने मुरार सर्किट हाउस में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत राशि वितरण के संबंध में समीक्षा की। बैठक में विधायक भितरवार श्री मोहन सिंह राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत, आईजी श्री अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, एसडीएम भितरवार श्री राजीव समाधिया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रभावित सभी गाँवों में सर्वे के उपरांत प्रभावितों की सूची पंचायत कार्यालय पर भी चस्पा की जाए ताकि कोई भी प्रभावित वंचित न रह सके। इसके साथ ही सभी प्रभावितों के एकाउण्ट नम्बर भी प्राप्त करें, ताकि राहत राशि प्रभावित के खाते में पहुँच सके। विधायक भितरवार श्री मोहन सिंह राठौर ने भी ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को समय पर राहत राशि देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के उपरांत भी अगर कोई प्रभावित रह गया हो तो उसे भी शामिल किया जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि ग्वालियर जिले की चीनौर तहसील में 3 फरवरी 2026 को असमायिक हुई ओलावृष्टि से 8 ग्राम प्रभावित हुए हैं। जिनमें प्रारंभिक सर्वे के अनुसार 1711 किसानों का कुल रकबा 1117.022 हैक्टेयर प्रभावित हुआ है। प्रभावित किसानों की सूची सर्वेक्षण के उपरांत ग्राम पंचायत में दावा-आपत्ति के लिये चस्पा कर दी गई है। 17 फरवरी तक किसान दावा – आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रभावित किसानों के बैंक खाता नम्बर एकत्रित किए जाकर राहत राशि वितरण हेतु क्षति पत्रक तैयार किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बताया कि जिले की चीनौर तहसील के 8 गाँवों के कुल 1711 किसानों के खातों में 2 करोड़ 63 लाख 24 हजार 079 रुपए की राशि राहत के रूप में वितरित की जाना है। चीनौर जिले के जो गाँव ओलावृष्टि से प्रभावित हुए हैं उनमें चीनौर, बड़कीसराय, सिकरौदा, खुर्दपार, भौरी, चकशंकरपुर, जुझारपुर व कछौआ शामिल हैं।