- पुलिस ने एक लुटेरे को गिरफ्तार किया,नगदी भी बरामद फिरोजाबाद(ईएमएस) थाना नसीरपुर पुलिस ने रुपये से भरी थैली छीनने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए 70 हजार रुपये, एक आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो और एक पॉलीथिन बरामद की है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 को हरिओम पुत्र गीतम सिंह निवासी ग्राम रूपवास, थाना मटसेना गेहूं बेचने के लिए इटावा गए थे। गेहूं बेचने के बाद मिले करीब 89 हजार रुपये लेकर वह हाईवे से सर्विस रोड के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करनपुर पुलिया अंडरपास के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपये की थैली और मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना नसीरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सुरागरसी, पतारसी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी अखिलेश पुत्र मोहन (उम्र करीब 30 वर्ष) निवासी ग्राम रूपवास, थाना मटसेना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान मुलायम सिंह पुत्र गिरन्द सिंह निवासी नगला आशा, थाना लाइनपार तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का नाम भी सामने आया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। ईएमएस