क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 17वाँ जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को शगुन पैलेस,लोहता भट्टी (वाराणसी) में हुआ। सात दिवसीय यह कार्यक्रम 12 से 18 फरवरी,2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के पांच राज्यों के आठ जिलों से आए लगभग 200 जनजातीय युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतिभागियों की सुरक्षा हेतु केंद्रीय बलों के 20 एस्कॉर्ट कर्मी भी तैनात हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। इस अवसर पर माय भारत लखनऊ के राज्य निदेशक अनिल कुमार सिंह, उपनिदेशक कपिल देव राम, उदय प्रताप कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डी.के. सिंह, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. सुधीर राय, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र देव सिंह, सहायक उपनियंत्रक इरफानुल होदा व विवेक राय केंद्रीय संचार ब्यूरो, वाराणसी के सहायक निदेशक डॉ. लालजी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह और राम गोपाल सिंह चौहान ने अतिथियों का बैज, अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। स्वागत भाषण में युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया तथा काशी की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत पर प्रकाश डाला गया। अंत में उपनिदेशक कपिल देव राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। डॉ नरसिंह राम/ईएमएस/12/02/2026