बीजिंग दौरे पर पिता के साथ दिखी थीं; पब्लिक प्रोग्राम्स में भी नजर आ रहीं सिओल (ईएमएस) । उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपनी 13 साल की बेटी किम जू ऐ को अपना उत्तराधिकारी चुन लिया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने गुरुवार को सांसदों को दी गई जानकारी में यह दावा किया। दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (एनआईएस)ने कहा कि किम जू ऐ की लगातार बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी को देखते हुए यह आकलन किया गया है। एनआईएस ने कहा कि उसने कई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निष्कर्ष निकाला है। इनमें आधिकारिक कार्यक्रमों में किम जू ऐ की प्रमुख उपस्थिति भी शामिल है। हाल के महीनों में जू ऐ कई बड़े कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आई हैं। सितंबर में बीजिंग दौरे के दौरान भी वह किम जोंग उन के साथ दिखीं थी। यह उनका पहला विदेशी दौरा था, जिसकी जानकारी सामने आई। एनआईएस पार्टी सम्मेलन पर नजर रखेगी एनआईएस ने यह भी कहा है कि वह इस बात पर नजर रखेगी कि क्या जू ऐ इस महीने होने वाली पार्टी सम्मेलन में शामिल होती हैं। यह उत्तर कोरिया का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम है, जो हर पांच साल में एक बार होता है। इसी पार्टी सम्मेलन में प्योंगयांग अगले पांच साल के लिए अपनी प्राथमिकताओं जैसे- विदेश नीति, युद्ध की तैयारी और परमाणु कार्यक्रम पर विस्तार से जानकारी दे सकता है। दक्षिण कोरिया के सांसद ली सोंग-क्वेन ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि एनआईएस पहले जू ऐ को उत्तराधिकारी बनने की ट्रेनिंग ले रही बता चुकी है। अब एजेंसी का मानना है कि वह औपचारिक तौर पर उत्तराधिकारी घोषित किए जाने के चरण में पहुंच गई हैं। ली ने कहा कि किम जू ऐ कई बड़े कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ दिखी हैं। वह कोरियाई पीपुल्स आर्मी की स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुईं और कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन भी गईं। कुछ सरकारी नीतियों पर उनकी राय सामने आने के संकेत भी मिले हैं। इन सब बातों को देखते हुए एनआईएस मानती है कि अब उन्हें उत्तराधिकारी के तौर पर नामित कर दिया गया है। बेटी को उत्तराधिकारी बनाने का संकेत दे रहे थे किम जोंग किम जू ऐ की चीन यात्रा ने सवाल खड़े किए थे कि क्या किम अपनी बेटी को भविष्य के उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार कर रहे हैं। एक्सपट्र्स का भी मानना था कि जू को को चीन ले जाना उनकी बढ़ती हैसियत का संकेत है। बीजिंग रेलवे स्टेशन पर उन्हें अपने पिता के साथ खड़ा देखकर यह साफ हो गया था कि विदेश में भी उन्हें उत्तर कोरिया का नंबर 2 माना जा रहा है। इस तरह किम जोंग-उन दुनिया को संदेश दिया था कि जू ऐ उनकी उत्तराधिकारी बनेंगी। 2022 में पहली बार सामने आई थी किम जोंग की बेटी किम जोंग उन अपने परिवार को काफी गोपनियता रखते हैं। इस वजह से उनके परिवार के बारे में काफी कम जानकारी उपलब्ध है। किम जू पहली बार 2022 सार्वजनिक तौर पर सामने आई थी, जब उन्होंने अपने पिता के साथ एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च देखा था। 2023 में भी वे कई सैन्य कार्यक्रमों में नजर आईं थी। किम जू अपने घर पर ही पढ़ाई करती हैं और उन्हें घुड़सवारी, तैराकी और स्कीइंग का शौक है।