मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपनी फिटनेस, योग साधना और हेल्दी लाइफस्टाइल की वजह से हमेशा चर्चा में रहती हैं। वह न सिर्फ खुद योग का अभ्यास करती हैं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए लाखों लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी करती हैं। इसी कड़ी में हाल ही में शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर व्याघ्रासन करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने इस आसन के फायदों और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “शांति की ओर बढ़ते हुए।” उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। शिल्पा ने बताया कि व्याघ्रासन शरीर का संतुलन बेहतर बनाता है और दिमाग तथा शरीर के बीच समन्वय बढ़ाता है। इस आसन को नियमित रूप से करने से को-ऑर्डिनेशन और फोकस में सुधार होता है, जो आज की व्यस्त जीवनशैली में बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस आसन से कमर की मांसपेशियां, नितंब, जांघों के पीछे की मांसपेशियां और पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इससे कोर स्ट्रेंथ बढ़ती है, जो संपूर्ण फिटनेस और स्थिरता में अहम भूमिका निभाती है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कहा कि जिन लोगों को स्लिप डिस्क या घुटनों से जुड़ी कोई परेशानी है, उन्हें इस आसन का अभ्यास करने से बचना चाहिए। व्याघ्रासन को टाइगर पोज़ भी कहा जाता है, क्योंकि इसे करते समय शरीर की मुद्रा बाघ जैसी बन जाती है। यह आसन मेरुदंड की मांसपेशियों को मजबूत करता है और कमर को लचीला बनाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक बैठकर काम करने वाले लोगों के लिए यह आसन बेहद फायदेमंद है, क्योंकि यह कमर दर्द और पीठ की जकड़न को दूर करने में मदद करता है। शिल्पा की मानें तो इस योगासन का नियमित अभ्यास मानसिक तनाव को भी कम करता है और व्यक्ति को अधिक रिलैक्स महसूस कराता है। आयुष मंत्रालय ने भी व्याघ्रासन के महत्व पर अपनी राय साझा करते हुए बताया कि यह आसन रीढ़ की हड्डी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है और शरीर के निचले हिस्से को स्थिरता प्रदान करता है। मंत्रालय का कहना है कि इसके लगातार अभ्यास से न सिर्फ लचीलापन बढ़ता है, बल्कि पाचन तंत्र भी मजबूत होता है और तनाव का स्तर कम होता है। मंत्रालय ने इस आसन को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया है। शिल्पा शेट्टी के इस वीडियो ने एक बार फिर लोगों को योग और फिटनेस के महत्व की ओर आकर्षित किया है। उनकी पोस्ट से प्रेरित होकर कई लोग अपने दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए उत्साहित दिख रहे हैं, जिससे यह साफ है कि शिल्पा की फिटनेस जर्नी लोगों पर सकारात्मक प्रभाव डाल रही है। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026