मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म दंगल का रिकार्ड खतरे में है। ‘दंगल’ का रिकॉर्ड जल्द टूटने का अनुमान जताया जा रहा है! दंगल ने रिलीज के बाद से अब तक हिंदी सिनेमा में कमाई का जो ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है, वह पिछले नौ वर्षों से अटूट खड़ा है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म के रूप में उसका दबदबा अब तक कायम है। पिछले कुछ वर्षों में बाहुबली, आरआरआर, एनिमल और धुरंधर जैसी फिल्मों ने जोरदार कमाई की, लेकिन दंगल का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ सका। हालांकि, फिल्म जगत में माना जा रहा है कि जल्द ही यह रिकॉर्ड टूट सकता है। फिल्म मार्केटिंग और प्रमोशन से जुड़े वरुण गुप्ता का मानना है कि सिनेमा का दौर तेजी से बदल रहा है और अब दर्शकों की पसंद के अनुरूप बड़े बजट व हाई-स्केल फिल्मों की मांग बढ़ चुकी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में दो बड़े प्रोजेक्ट धुरंधर 2 और एस.एस. राजामौली की वाराणसी इस रेस में सबसे आगे हैं और संभव है कि ये फिल्में दंगल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दें। वरुण गुप्ता की कंपनी मैक्स मार्केटिंग कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। इनमें एक तरफ धुरंधर 2 जैसी भारी-भरकम ऐक्शन फिल्म है, जबकि दूसरी ओर सूरज बड़जात्या की पारिवारिक भावनाओं से भरपूर नई फिल्म भी शामिल है। वरुण कहते हैं कि बड़जात्या लंबे अंतराल के बाद अपनी पहचान वाली फैमिली फिल्मों के साथ वापसी कर रहे हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि आज की युवा ऑडियंस उन्हें कितना अपनाती है। अगले साल रिलीज होने वाली राजामौली की वाराणसी को लेकर उद्योग में भारी उत्साह है। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर यह टाइम-ट्रैवल आधारित एडवेंचर फिल्म राजामौली के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। वरुण गुप्ता का कहना है कि राजामौली इकलौते ऐसे निर्देशक हैं जिनकी फिल्म पर वे बिना झिझक दांव लगा सकते हैं, क्योंकि वे हर बार दर्शकों की उम्मीदों पर खरे उतरते हैं। यह फिल्म विदेशी बाजारों में भारतीय सिनेमा का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन देने की क्षमता रखती है। वहीं, धुरंधर की भारी सफलता के बाद धुरंधर 2 को लेकर भी भारी बज बना हुआ है। उद्योग में माना जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा सकती है। वरुण गुप्ता के अनुसार, अगर कोई फिल्म वाराणसी के बज और चर्चा को चुनौती दे सकती है, तो वह धुरंधर 2 ही है। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026