मनोरंजन
13-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म देवदास में एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने अपने किरदार चंद्रमुखी के अनुभव को याद किया। उन्होंने बताया कि चंद्रमुखी का किरदार कई लेयर्स और इमोशन से भरा हुआ था। माधुरी का कहना है कि यह फिल्म आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे विज़ुअली रिच और भव्य क्लासिक्स में से एक मानी जाती है। माधुरी ने कहा, “भंसाली जी के साथ काम करना बेहद आनंददायक अनुभव था। चंद्रमुखी सिर्फ डांस मूव्स या सीन नहीं थी, बल्कि हर पल एक कविता की तरह महसूस होता था।”माधुरी ने चंद्रमुखी की जर्नी को मीरा बाई की कहानी से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि किरदार में जन्मजात मासूमियत थी, क्योंकि चंद्रमुखी ऐसे व्यक्ति से प्यार करती है जिसे वह जानती है कि वह कभी प्यार लौटाकर नहीं दे पाएगा। “इसलिए हमें हर छोटे-छोटे एक्सप्रेशन, हर भाव और उनकी संवेदनाओं को पूरी सटीकता के साथ कैप्चर करना था।” माधुरी ने अपने अनुभव को बेहद खूबसूरत बताया और कहा कि भंसाली के साथ काम करना हमेशा यादगार रहा। माधुरी ने फिल्म की आइकॉनिक सीन और भव्य कॉस्ट्यूम्स की चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि काहे छेड़ छेड़ मुझे के दौरान पहना गया वेलवेट का भारी घाघरा असली मोतियों और जटिल एम्ब्रॉयडरी से सजाया गया था। इसका वजन इतना अधिक था कि माधुरी को इसे संभालना काफी चुनौतीपूर्ण लगा। उन्होंने कहा, “घाघरा इतने भारी होने के बावजूद हर सीन में अपने आप घूमता रहता था। लेकिन जब इसे स्क्रीन पर देखा गया, तो हर मेहनत सार्थक लग रही थी।” माधुरी ने भंसाली के काम करने के तरीके की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “लोग उन्हें टास्कमास्टर कहते हैं, लेकिन सेट पर वह बहुत स्वीट थे। बस कहते थे, मुझे थोड़ा सा मैजिक दे दो, और हम उस मैजिक को पर्दे पर उतारते थे।” बताते चलें कि संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी अगली डायरेक्टोरियल फिल्म लव एंड वॉर की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026