राष्ट्रीय
13-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश में फरवरी के दूसरे सप्ताह में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मैदानी राज्यों में जहां गर्मी दस्तक देने लगी है, वहीं पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का दौर जारी है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के 15 शहरों में पारा 30 डिगी तक पहुंच गया है। हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड अब भी महसूस की जा रही है। इसके उलट हिमालयी राज्यों में सर्दी का प्रकोप जारी है। उत्तराखंड के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मुनस्यारी में गुरुवार को पारा गिरकर माइनस 26 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन के सबसे कम तापमान में से एक है। हिमाचल प्रदेश के सात शहरों में भी तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी जारी है। अनंतनाग में बुधवार-गुरुवार को ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। कश्मीर को जम्मू से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर कई फीट बर्फ जमी होने के कारण मार्ग अब भी बंद है, जिससे आवाजाही प्रभावित है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 फरवरी तक बारिश के प्रभाव से तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है। 14 फरवरी को राजस्थान में मौसम साफ रहने और तापमान में 1-2डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है, जबकि 15 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी से राहत मिल सकती है और निचले इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हिदायत/ईएमएस 13फरवरी26