क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर ने वर्षों से लंबित संपत्ति कर की वसूली के लिए सख्ती दिखाते हुए चार बड़े बकायेदारों के छह व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया है। निगम की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है। नगर निगम आयुक्त कुमार विश्वदीप के निर्देश पर अपर आयुक्त राजस्व कृष्णा खटीक, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू और जोन-10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। जोन सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू के नेतृत्व में टीम ने जोन-10 क्षेत्र के पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 50, बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक 53 और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 में कार्रवाई की। निगम के अनुसार संबंधित बकायेदारों को डिमांड बिल, नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन कर जमा नहीं करने पर उनके छह व्यावसायिक परिसरों को तत्काल सीलबंद कर दिया गया। बताया गया कि पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक 50 में ज्योति केशवानी एवं केवलराम केशवानी पर लगभग 79.23 लाख रुपये का बकाया था। बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक 53 में भरत कुमार पृथवानी पर करीब 1.07 लाख रुपये तथा किशोर कुमार पृथवानी पर लगभग 39.94 लाख, 2.66 लाख और 1.11 लाख रुपये बकाया थे। वहीं लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 में रेखा लाल एवं एल.के. लाल पर लगभग 91,890 रुपये का कर बकाया था। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर की वसूली के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और करदाताओं से समय पर कर जमा करने की अपील की गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026