- पत्नी और बच्चो के साथ ही महाराष्ट्र से आई प्रेमिका को रख लिया था लिवइन में - हत्याकांड में पत्नी के भी पति का साथ देने की आंशका - सेप्टिक टैंक में लोहे के बक्से में बंद मिली महिला की लाश का मामला - महाराष्ट्र की रहने वाली थी मृतक महिला, संदेही पति-पत्नी फरार - पहले से विवाहित था आरोपी प्रेमी, पत्नि के साथ ही उसे भी रख लिया था घर में भोपाल(ईएमएस)। शहर के कमला नगर में गुरुवार शाम को सेप्टिक टैंक में लोहे के बक्से में बंद मिली महिला की लाश की सनसनीखेज घटना में पुलिस की शुरुआती जॉच में चौकानें वाले खुलासे हुए है। महिला की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है, बताया गया है कि मृतका महाराष्ट्र की रहने वाली थी और वह बीते काफी समय से उसकी हत्या के फरार संदेही युवक के साथ ही लिवइन में रह रही थी। उनके बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिये पहले दोस्ती और फिर प्रेम-प्रसंग हो गया, इसके बाद महिला उसके साथ रहने भोपाल आई थी। संदेही फरार प्रेमी पहले से विवाहित था, और उसने पत्नी-बच्चों के साथ ही महाराष्ट्र से आई अपनी प्रेमिका को भी घर में रख लिया था। इस बात को लेकर पत्नी और प्रेमिका के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। आंशका है कि इन्हीं विवादों के चलते प्रेमी और उसकी पत्नी ने महिला की हत्या कर शव को बक्से में बंद कर फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार मृतका महिला का नाम अशरफी उर्फ सिया (33) है, जो गोंदिया महाराष्ट्र की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती समीर से हो गई और बाद में दोनों के बीच प्रेम हो गया। करीब तीन महीने पहले सिया भोपाल के कमला नगर में रहने वाले समीर के साथ रहने उसके पास आ गई थी। विवाहित और दो बच्चों के पिता समीर ने उसे अपनी पत्नि बच्चो के साथ उसी घर में रख लिया था। एक घर में रहने के कारण समीर की पत्नी और सिया के बीच आये दिन विवाद होने लगे थे। लगभग तीन दिन पहले एक बार फिर हुए विवाद के बाद समीर ने सिया के साथ मारपीट की और फिर उसका गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए टीन के बक्से में लाश को बंद किया और उसे ले जाकर घर के पास ही स्थित सेप्टिक टैंक में फैंक दिया। बाद में बक्सा पड़ा होने की सूचना आसपास के लोगो ने गुरुवार शाम को पुलिस को दी थी। पुलिस ने जॉच के बाद शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। बताया गया है मृतका सिया के परिजनों से का संपर्क नहीं हो पाने के कारण उसके शव को पीएम के बाद पुलिस स्वयं दफन करवायेगी। आशंका है कि सिया की हत्या में संदेही आरोपी समीर का उसकी पत्नी ने भी साथ दिया है। फिलहाल संदेही समीर और उसकी पत्नी फरार हैं, जिन्हें पुलिस जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। वहीं मृतका सिया के संबंध में यह बात भी सामने आई है की वह पूर्व में भी महाराष्ट्र और राजस्थान में तीन अलग-अलग व्यक्तियों से शादी कर चुकी है। और बीते तीन महीनों से समीर के साथ रह रही थी। - यह था पूरा मामला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे सूचना मिली थी, कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास कमल नगर में नाले में एक लोहे का बॉक्स पड़ा है। जिसमें लाश दिख रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची बॉक्स को पानी से बाहर निकाकर खोला। उसके भीतर महिला का शव था, शव करीब 3-4 दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह डिकंपोज हो चुका था। महिला प्लाजो पहने हुई है। हाथ में दीप का टैटू बना हुआ है। साथ ही हाथ पर 26 मई 1992 लिखा हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह महिला की जन्म तिथि होगी। पुलिस ने इस मामले में आसपास के थाना इलाकों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि कमल नगर में ही रहने वाली एक महिला गायब है। वह जिस युवक के साथ रहती थी। वह युवक भी अपने घर से गायब हैं। शंका हुई तो पुलिस ने जांच को इस दिशा में आगे बढ़ाया। जानकारी के अनुसार महिला की शिनाख्त सिया नाम सें हुई है।पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। पीएम रिपोर्ट में यह पता चल सकेगा कि महिला की हत्या कैसे की गई है। जुनेद / 13 फरवरी