कोंडागांव(ईएमएस)। जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट में देर रात ग्रामीणों ने घुसकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्लांट परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में 10 से 20 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कोंडागांव के एसपी, एसडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात नियंत्रित करने का प्रयास किया। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि मक्का प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट (वेस्ट) उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रशासन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने रातभर प्लांट को चारों ओर से घेर रखा और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। एक वाहन चालक को जान बचाने के लिए पूरी रात जंगल में छिपकर रहना पड़ा। हालात कुछ समय के लिए इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस बल को भी पीछे हटना पड़ा। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।