क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)।गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक शासकीय स्कूल में छात्राओं के साथ अश्लीलता करने का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के बच्चों को लाने-लेझाने वाले एक अधेड़ उम्र के ऑटो चालक ने स्कूल परिसर के भीतर ही कक्षा 8वीं की दो छात्राओं के सामने आपत्तिजनक हरकतें कीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वॉशरूम में की शर्मनाक हरकत घटना बुधवार शाम करीब 4:00 बजे की है। शासकीय सांदीपनी नवीन शाला (दुबे कॉलोनी) में पढ़ने वाली दो छात्राएं स्कूल के वॉशरूम गई थीं। वहां पहले से मौजूद ऑटो चालक अकबर अहमद ने बॉयज टॉयलेट का दरवाजा खोलकर छात्राओं के सामने अश्लीलता की और गंदे इशारे कर उन्हें पास बुलाने लगा। बच्चियां इस हरकत से बुरी तरह डर गईं और वहां से भाग निकलीं। घर पहुंचकर छात्राओं ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद गुरुवार को स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सख्त धाराओं में मामला दर्ज छात्राओं की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी अकबर अहमद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1)(i), पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 11(i) व 12 और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 79/2026 पंजीबद्ध किया है। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक एडवोकेट दीपक कुमार रजक भी कोतवाली पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पहले भी संदिग्ध रहा है आचरण स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, आरोपी पिछले लंबे समय से ऑटो में भी बच्चियों के साथ छोटी-मोटी अश्लील हरकतें करता था। कुछ जागरूक बच्चियों ने पहले ही परिजनों से शिकायत कर अपना ऑटो बदलवा लिया था, लेकिन आरोपी की असलियत अब जाकर उजागर हुई। स्कूल स्टाफ और प्रिंसिपल आशीष कुमार टांटिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चियों का पूरा साथ दिया।पुलिस अब इस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है कि क्या आरोपी ने पूर्व में भी किसी अन्य बच्ची को अपना शिकार बनाया है।। सीताराम नाटानी