- सोमवार से शिफ्ट होगा रायसेन का सब्जी बाजारः रामलीला मैदान के पास 10x10 की जगह, 10 फीट का रास्ता तय रायसेन शहर में सड़कों पर जगह जगह लगने वाली सब्जी और फल की दुकानों को अब रामलीला मैदान के पास स्थानांतरित किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने इन विक्रेताओं को अपनी दुकानें सोमवार से रामलीला मैदान में लगाने के लिए सात दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया था। स्थानांतरण से पहले, नगर पालिका कर्मचारी मैदान में आवश्यक व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं। सहायक कलेक्टर कुलदीप पटेल, एसडीएम मनीष शर्मा और सीएमओ सुरेखा जाटव ने स्थल का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ मिलकर यह तय किया कि प्रत्येक सब्जी विक्रेता को 10x10 फीट की जगह दी जाएगी और दुकानों के बीच 10 फीट का रास्ता भी होगा। मैदान में 80 से अधिक दुकानें लगाई जा सकती हैं। इसके लिए कर्मचारियों द्वारा चूने से निशान लगाकर तैयारियां की जा रही हैं। सब्जी और फल के ठेलों के लिए 10x10 फीट की जगह को चूने से चिह्नित किया जा रहा है, साथ ही 10 फीट के रास्ते को भी चूने से दर्शाया जा रहा है।यह वैकल्पिक व्यवस्था शहर की सड़कों पर सब्जी और फल विक्रेताओं के कारण होने वाले जाम और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए की जा रही है। नई सब्जी मंडी दशहरा मैदान में बनकर तैयार है, लेकिन सब्जी और फल विक्रेता वहां जाने को तैयार नहीं हैं। इसी कारण नगर पालिका ने शहर के बीचों-बीच स्थित रामलीला मैदान के पास यह अस्थायी व्यवस्था की है। हालांकि, सब्जी और फल विक्रेताओं का कहना है कि उनके लिए 10x10 फीट की जगह छोटी रहेगी। उन्होंने प्रशासन से 10x15 फीट की जगह उपलब्ध कराने की मांग की थी।