क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के जिंदल स्टील प्लांट पतरापाली में काम के दौरान क्रेन ऑपरेटर अनुराग कश्यप की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अचानक सीने में दर्द उठने के बाद वह बेहोश हो गया। साथी कर्मचारियों ने तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और सहकर्मियों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्लांट के मुख्य गेट पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद मुआवजा और पेंशन के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार अनुराग कश्यप सक्ती जिले का रहने वाला था और रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर प्लेट मिल में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। परिजनों का कहना है कि वह पिछले सात वर्षों से ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था और उस पर काम का दबाव ज्यादा था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंचे। रात में ही परिजन विरोध पर बैठ गए थे, जबकि सुबह फिर से प्रदर्शन शुरू हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम हुआ था, जिसे प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया। लंबी बातचीत के बाद उद्योग प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा और उसकी पत्नी को पेंशन देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।