दंतेवाड़ा(ईएमएस)। जिले में 500 रुपये के नकली नोटों की आवाजाही ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाट-बाजारों से लेकर छोटी दुकानों तक ये नोट आसानी से चल रहे हैं और कई बार किसी को इसकी भनक तक नहीं लगती। नकली नोटों का खुलासा तब हो रहा है जब व्यापारी इन्हें बैंक में जमा कराने पहुंचते हैं और काउंटिंग मशीन इन्हें रिजेक्ट कर देती है। व्यापारियों का कहना है कि असली और नकली नोट में फर्क समझ पाना बेहद मुश्किल हो गया है, क्योंकि पहली नजर में ये नोट बिल्कुल असली जैसे दिखाई देते हैं। जानकारी के अनुसार कुछ लोग इन नोटों को कलर प्रिंटर से तैयार कर रहे हैं। इन्हें “सैंडविच नोट” कहा जा रहा है, जिसमें नोट की दो प्रिंटेड परतों के बीच साधारण कागज रखकर चिपका दिया जाता है। ऊपर से देखने और छूने में ये सामान्य नोट जैसे लगते हैं, जिससे दुकानदार आसानी से धोखा खा जाते हैं। इस मामले को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ में भी सतर्कता बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है, ताकि नकली नोटों की बढ़ती गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026